बलौदा बाजार
शहीद वीर नारायण सिंह व वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का किया अनावरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम ओड़ान पहुंचे। उन्होंने यहां गोंड़ समाज के पूजा स्थल में बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए और बड़ादेव का पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह एवं वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह सोनाखान के जमींदार थे। वे एक सच्चे देशभक्त व गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने 1857 के विद्रोह का नेतृत्व किया। अंग्रेजी शासन के द्वारा उन्हें 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर फाँसी दी गई थी। स्वाभिमान व आत्मगौरव का प्रतीक रानी दुर्गावती गोंडवाना साम्राज्य की महारानी थीं। उन्होंने मुगलों के खिलाफ अदम्य साहस का प्रदर्शन किया।1564 ईस्वी में मुग़ल सेना के सामने झुकने के बजाय युद्धभूमि मे आत्मोत्सर्ग कर दिया।
इस अवसर पर जांजगीर-चाम्पा सांसद कमलेश जांगड़े,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल,विधायक संदीप साहु जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता,उपाध्यक्ष पवन साहु, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, महासभा अध्यक्ष शिव सिंह नेताम सहित अन्य सामाजिकजन उपस्थित थे।


