बलौदा बाजार

भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक, रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया
21-Mar-2026 4:36 PM
भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक,  रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 21 मार्च। श्री 1008 आदिनाथ नवग्रह पंच बाल्याती दिगंबर जैन मंदिर के तत्वावधान में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंदिर समिति के अनुसार, प्रात:काल मंदिर में अभिषेक और शांति धारा संपन्न हुई। इसके बाद भगवान की प्रतिमा को रथ में स्थापित कर मंत्रोच्चार के साथ रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा मंडी रोड, सती मंदिर, सदर बाजार, गोविंद चौक, रामसप्ताह चौक और जय स्तंभ चौक होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंची।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों द्वारा रथ यात्रा का स्वागत एवं पूजा की गई। आयोजन समिति के अनुसार, रथ वर्ष में एक बार निकाला जाता है।

धार्मिक अनुष्ठान और सहभागिता

मंदिर समिति ने बताया कि अयोध्या से प्राप्त भगवान के चरण प्रतीक स्वरूप उपस्थित समाज प्रतिनिधियों को प्रदान किए गए। रथ यात्रा के बाद मंदिर में भगवान आदिनाथ का मस्तकाभिषेक किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

 

सम्मान समारोह का आयोजन

कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ सकल दिगंबर जैन समाज एवं मंदिर समिति द्वारा प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और विधायक इंद्र साव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने रथ यात्रा में भाग लेकर पूजा-अर्चना की।

रायपुर से आए सीआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने रथ यात्रा में भाग लेने के बाद कहा, आज मैं धन्य हो गया, मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं जगन्नाथ पुरी के रथ को खींचकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहा हूं।

मंदिर समिति के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की गई थी। रात्रि में मंदिर में आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


अन्य पोस्ट