बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 21 मार्च। बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सलोनी में विकास कार्यों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीणों ने सरपंच बंसी बंजारे और पंचायत सचिव राजेश टंडन पर विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के गबन का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में जिन कार्यों को पूरा बताया गया है, उनमें कई कार्य अधूरे हैं या मौके पर दिखाई नहीं देते, जबकि भुगतान किए जाने का दावा किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के सामने पाइपलाइन बिछाने के लिए 49 हजार रुपये स्वीकृत बताए गए, लेकिन स्थल पर सीमित कार्य ही दिखाई देता है। इसके अलावा, कुछ पुराने कार्यों को नया दिखाकर भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पलारी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.एल. धुर्वे ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच टीम गठित की गई थी। उनके अनुसार, जांच के बाद लगभग 5 लाख 30 हजार रुपये की वसूली की अनुशंसा की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में सरपंच बंसी बंजारे ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के कारण कुछ लोग नाराज हैं और उनके खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत सचिव का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
वहीं, पंचायत सचिव राजेश टंडन ने इस मामले पर बात करने से इनकार किया। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता को कहा, जो लिखना है लिख लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही उन्होंने बताया -मैं खुद ही सलोनी पंचायत से हटाने के लिए आवेदन दे दिया है। ग्रामीणों ने मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।


