बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 मार्च। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर स्थानीय स्तर पर भी देखा जा रहा है। इस स्थिति के बीच रसोई गैस आपूर्ति पर दबाव की बात कही जा रही है, जिससे शहर की दैनिक गतिविधियों पर असर पडऩे की जानकारी सामने आई है। खासकर चौपाटी क्षेत्र और छोटे खान-पान व्यवसाय इससे प्रभावित बताए जा रहे हैं। शहर में गैस आपूर्ति में कमी की शिकायतों के बीच चौपाटी परिसर में कुछ दुकानें बंद होने की जानकारी है, जबकि कुछ दुकानदार सीमित समय के लिए ही दुकान खोल रहे हैं। नाश्ता, चाट, फास्ट फूड और चाय बेचने वाले कारोबारियों का कहना है कि गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति के कारण उन्हें ग्राहकों को लौटाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आय प्रभावित हो रही है।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग बढ़ी
गैस की कमी की स्थिति के बीच शहर में इंडक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कुकिंग उपकरणों की मांग बढऩे की बात व्यापारियों ने कही है। व्यापारियों के अनुसार, पहले एक महीने में जितनी बिक्री होती थी, उतनी अब कुछ दिनों में हो रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालक भी इन विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि मांग बढऩे से सप्लाई प्रभावित हो रही है और ग्राहकों को तुरंत सामान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
व्यवसाय में बदलाव की स्थिति
कुछ ठेला संचालकों ने बताया कि गैस की कमी के कारण उन्होंने अपने व्यवसाय में बदलाव किया है और अब शीतल पेय, गन्ना रस और बर्फ से जुड़े उत्पाद बेच रहे हैं। उनका कहना है कि इससे आय पहले की तुलना में कम हो रही है। कई लोगों ने यह भी कहा कि सिलेंडर बुकिंग के बाद समय पर आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे काम प्रभावित हो रहा है। कुछ व्यापारियों ने वैकल्पिक साधनों का उपयोग शुरू किया है।
कमर्शियल इंडक्शन की मांग
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के बीच 5 से 6 किलोवाट क्षमता वाले कमर्शियल इंडक्शन की मांग बढऩे की जानकारी सामने आई है। व्यवसायियों का कहना है कि वे इसे गैस के विकल्प के रूप में देख रहे हैं। जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने एजेंसी संचालकों को नियमों के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुकिंग और सर्वर संबंधी समस्या
गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की कतारें देखी जा रही हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के लिए आवश्यक ओटीपी नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें एजेंसी जाना पड़ रहा है। एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सर्वर में समस्या आ रही है, जिससे बुकिंग और डिलीवरी प्रभावित हो रही है। फिलहाल उपभोक्ताओं का विवरण मैनुअल रूप से दर्ज किया जा रहा है और सर्वर चालू होने पर उसे सिस्टम में अपडेट किया जाएगा।


