बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 19 मार्च। दाल मिल में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 16-17 मार्च के बीच का है।
माता देवालय वार्ड भाटापारा निवासी दिनेश गोविंदानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मार्च को शाम 6 बजे वे सूरजपुरा रोड स्थित अपनी दाल मिल बंद कर घर चले गए थे। 17 मार्च की सुबह लगभग 9 बजे जब वे मिल पहुंचे, तो कार्यालय की खिडक़ी और अंदर के गेट का ताला टूटा हुआ मिला। मिल में रखी लगभग 8 से 10 क्विंटल दाल गायब थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पटपर क्षेत्र में कुछ लोगों के पास चोरी की दाल रखी हुई है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन संदेहियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों नंदकुमार उर्फ भोला यदु, करण यदु, जीराखन चतुर्वेदी तीनों निवासी भाटापारा ने दाल मिल के पीछे से प्रवेश कर खिडक़ी तोडक़र चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों से 345 किलोग्राम दाल, जिसकी अनुमानित कीमत 34,500 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।