बलौदा बाजार

प्रस्तावित पुल का निर्माण शुरू नहीं, आंदोलन की चेतावनी
18-Mar-2026 7:51 PM
प्रस्तावित पुल का निर्माण शुरू नहीं, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 18 मार्च। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पलारी विकासखंड के अमेठी में महानदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है। इसको लेकर क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार इस पुल की मांग पहले गौरी शंकर अग्रवाल के कार्यकाल में उठाई गई थी। बाद में 22 दिसंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुल निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि, घोषणा के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से प्रतीक्षा के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्र के विकास पर असर पड़ रहा है। रोहांसी के निवासी लेख राम साहू ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए आवश्यक है और इसके निर्माण से आवागमन में सुविधा होगी।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन कर सकते हैं। इस संबंध में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने की बात भी कही गई है।

बरसात के दौरान महानदी का जलस्तर बढऩे पर अमेठी घाट का मार्ग प्रभावित होता है, जिससे लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस कारण दैनिक आवागमन और आपात स्थिति में कठिनाइयां होती हैं।

यह मार्ग धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से भी जुड़ा हुआ है, जिससे यहां आवागमन का महत्व बढ़ जाता है।


अन्य पोस्ट