बलौदा बाजार
सर्वर डाउन होने के कारण डिलीवरी नहीं मिल रही है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 मार्च। जिले में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। उपभोक्ता सुबह से ही गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि गैस एजेंसी का सर्वर डाउन होने की वजह से न तो बुकिंग हो पा रही है और न ही डिलीवरी दी जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बलौदाबाजार में भी एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं, शहर की अलग-अलग गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग लगातार दो से तीन दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं। स्थिति ये है कि एक गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गैस बुकिंग से लेकर सिलेंडर वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में अव्यवस्था दिखाई दे रही है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार सबसे बड़ी समस्या बुकिंग प्रक्रिया में आ रही है। पहले जहां मोबाइल कॉल या ऑनलाइन माध्यम से आसानी से गैस बुक हो जाती थी, वहीं अब सर्वर में लगातार समस्या आने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। कई लोग फोन पे जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों से बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वहां भी सर्वर एरर या तकनीकी समस्या सामने आ रही है। इससे उपभोक्ताओं को मजबूर होकर सीधे एजेंसी पहुंचना पड़ रहा है। हालांकि एजेंसी पहुंचने के बाद भी तुरंत सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। लोगों का कहना है कि यदि किसी तरह बुकिंग हो भी जाए तो सिलेंडर अगले दिन या उससे भी बाद में मिल रहा है।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय पर बुकिंग और वितरण की व्यवस्था हो तो उन्हें इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। एक उपभोक्ता प्रमोद कुमार लाल ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया। परिवार वाले बोल रहे हैं कि घर में सिलेंडर लेकर ही घर आना, नहीं तो घर मत आना। घर की रसोई गैस खत्म हो चुकी है और रोजाना एजेंसी आने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिल रहा।
एक कनेक्शन पर अब एक ही सिलेंडर
उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ाने वाली एक और बात सामने आई है। पहले घरेलू उपयोग के लिए एक उपभोक्ता को एक महीने में दो गैस सिलेंडर लेने की सुविधा मिलती थी। लेकिन वर्तमान स्थिति में एक गैस कनेक्शन पर महीने में केवल एक ही सिलेंडर दिया जा रहा है। इससे उन परिवारों को ज्यादा परेशानी हो रही है जहां गैस का उपयोग अधिक होता है। कई परिवारों का कहना है कि एक सिलेंडर पूरे महीने के लिए पर्याप्त नहीं होता, इसलिए उन्हें बार-बार चिंता बनी रहती है कि गैस खत्म होने पर क्या करेंगे।