बलौदा बाजार

उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
08-Mar-2026 7:31 PM
उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बलौदाबाजार, 8 मार्च। आईआईएम रायपुर एवं डीसी एमएसएमई, भारत सरकार द्वारा 9 मार्च  को उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला पंचायत सभागार में अपरान्ह 12 बजे से प्रारम्भ होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, एमएसएमई उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों तथा संभावित उद्यमियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों से अवगत कराना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को उद्यमिता की अवधारणा, उद्यमशील मानसिकता का विकास, जिला-विशिष्ट व्यवसायिक अवसरों की पहचान, एमएसएमई योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी, संस्थागत सहयोग एवं ऋण सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति एवं नवीन स्टार्टअप नीति से संबंधित प्रावधानों की जानकारी तथा विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों के साथ संवाद का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के युवाओं, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक नागरिकों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा युवाओं को उद्यम स्थापना के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बलौदाबाजार भाटापारा  तथा सी ज़ी एस रायपुर मोबाइल नम्बर 9301727212) से संपर्क किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट