बलौदा बाजार

ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, कुछ दूरी पर खड़ी मिली बाइक
07-Mar-2026 7:29 PM
ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, कुछ दूरी पर खड़ी मिली बाइक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 मार्च। जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब नेवधा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने की खबर सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी

मृतक की पहचान रामसिंह ध्रुव (29) के रूप में हुई है, जो डोंगरिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार युवक का शव नेवधा के पास रेलवे ट्रैक के खंभा नंबर 782/21 के पास पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा तो इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान रामसिंह ध्रुव के रूप में की गई। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मृतक की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है। यह तथ्य पुलिस के लिए जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

मामले की सूचना मृतक के पिता डोंगरिया गांव के निवासी बंजू ध्रुव ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का सही कारण सामने आ पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक को शराब पीने की आदत थी. जांच अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की जा सकती। शव पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस इस मामले में कई संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने के कारण यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह ट्रेन से जुड़ा कोई हादसा तो नहीं है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि युवक किसी अन्य कारण से वहां पहुंचा था या उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिल सके. मौके के आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया है और पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना से जुड़ी कोई जानकारी देखी या सुनी हो तो पुलिस को अवश्य बताए।


अन्य पोस्ट