बलौदा बाजार

युवती से लाखों की साइबर ठगी, राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार
06-Mar-2026 4:22 PM
युवती से लाखों की साइबर ठगी, राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 6 मार्च । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर ठगी के एक मामले में दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार भाटापारा ग्रामीण थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जयपुर से दोनों आरोपियों को पकड़ा है। मामले में एक युवती से 6,25,239 रुपये ठगे जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

सोशल मीडिया ऐड से शुरू हुई ठगी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार तरेंगा निवासी एक युवती को मोबाइल पर इंस्टाग्राम के माध्यम से सस्ते दाम में कपड़े बेचने से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करने के बाद मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हुई।

शिकायत के अनुसार एक कुर्ती के लिए पहले क्यूआर कोड के माध्यम से 1600 रुपये ऑनलाइन भुगतान कराया गया। इसके बाद बिलिंग चार्ज, जीएसटी, डिलीवरी और रिफंड शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम जमा कराई जाती रही। युवती के अनुसार कुल 6,25,239 रुपये जमा कराने के बाद भी न तो सामान मिला और न ही पैसे वापस किए गए।

व्हाट्सएप चैटिंग से भी बनाते थे शिकार

पुलिस जांच में सामने आया कि कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए विज्ञापन चलाए जाते थे। जो भी व्यक्ति विज्ञापन पर क्लिक करता, उसे एक व्हाट्सएप नंबर दिया जाता था। शिकायत के अनुसार कैश ऑन डिलीवरी उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर क्यूआर कोड भेजा जाता था और ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था।

पुलिस के मुताबिक भुगतान के बाद अलग-अलग शुल्क के नाम पर और रकम मांगी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए कथित तौर पर ऑर्डर कन्फर्मेशन और अन्य स्क्रीनशॉट भी भेजे जाते थे।

पुलिस की टेक्निकल जांच से खुला राज

इस मामले में भाटापारा ग्रामीण थाना में अपराध क्रमांक 83/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार तकनीकी विश्लेषण के दौरान इंस्टाग्राम आईडी, क्यूआर कोड और बैंकिंग लेनदेन की जांच की गई। इसके आधार पर आरोपियों की लोकेशन जयपुर (राजस्थान) में ट्रेस होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में लिया।

 अन्य मामलों की भी जांच

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इसी तरह के मामलों में देश के कई राज्यों में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसकी पुष्टि और विस्तृत जानकारी के लिए जांच जारी है।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप सहित कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस इन उपकरणों की जांच कर रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

 

पुलिस की अपील-   सतर्क  रहें

जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि भाटापारा ग्रामीण थाना और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जयपुर से गिरफ्तार किया है। उनके अनुसार फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिलाओं को सस्ते दाम में कपड़े उपलब्ध कराने का लालच दिया जाता था और क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था।

उन्होंने कहा कि आरोपियों से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर या सस्ते सामान के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।


अन्य पोस्ट