बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 मार्च। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दतान रोड स्थित एक खेत में दबिश देकर नगद राशि और अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि समाधान सेल को सूचना मिली थी कि दतान रोड के पास खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना पलारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार छह व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
मौके से 45,250 रुपये नकद, ताश की गड्डी, तीन मोटरसाइकिल, एक कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 5,57,250 रुपये है।
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को भेजा गया और कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि समाधान सेल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर कार्रवाई की जा रही है।
जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के संबंध में सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र वर्मा, राजा धीरहे, गुरुदत्त वर्मा, शिवम वर्मा उर्फ कथरी, अशोक धृतलहरे, लोकेश कन्नौजे सभी निवासी पलारी बलौदाबाजार हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जिले में शुरू की गई समाधान सेल के हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। नागरिक कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दे सकते हैं।
मामले की आगे की जांच जारी है।