बलौदा बाजार

थानों-चौकियों में लगेगा क्यूआर कोड, आम जनता सीधे दे सकेंगे जानकारी
28-Feb-2026 4:43 PM
थानों-चौकियों में लगेगा क्यूआर कोड, आम जनता सीधे दे सकेंगे जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 28 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने थानों और पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली की सीधी निगरानी के लिए प्रयास अभियान के तहत नई पहल शुरू की है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम नागरिक सीधे अपना फीडबैक दर्ज कर सकेंगे।

एसपी कार्यालय में क्यूआर कोड का विधिवत शुभारंभ करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह पहल रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

इसका उद्देश्य पुलिस स्टाफ की कार्यक्षमता बढ़ाना, कार्यप्रणाली में सुधार लाना और आम जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना है।

 

कैसे करेगा काम

थाना या चौकी पहुंचने वाले फरियादी, आगंतुक एवं आम नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर एक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। इस फॉर्म में वे थाने में अपने अनुभव, पुलिस कर्मियों के व्यवहार, शिकायत पर की गई कार्यवाही और अन्य सुझाव साझा कर सकेंगे।

एसपी करेंगी सीधे मॉनिटरिंग

फीडबैक फॉर्म की निगरानी स्वयं पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा की जाएगी।

प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि कमियों को दूर कर सेवा गुणवत्ता में सुधार किया जा सके। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से आमजन की सहभागिता बढ़ेगी और पारदर्शिता के साथ-साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।


अन्य पोस्ट