बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 फरवरी। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी रविवार को विप्र वाटिका में आयोजित स्वर्गीय ज्ञानेश मिश्रा की बरसी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और सरकार व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश हत्याकांड के आरोपियों की पहचान और जांच में अब तक कोई ठोस प्रगति न होना प्रशासनिक अक्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पुलिस असली हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है, जो कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में लापरवाही बरत रही है।
उन्होंने कहा यह सरकार अपराधियों के साथ खड़ी दिखाई देती है। यदि शासन-प्रशासन सजग होता, तो अब तक ज्ञानेश मिश्रा के हत्यारों को सजा मिल चुकी होती। कार्यक्रम में उपस्थित ज्ञानेश मिश्रा के मामा ने इस हत्याकांड को भूमाफियाओं से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि बिना उच्चस्तरीय जांच के सच्चाई सामने नहीं आ सकती। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सीबीआई जांच कराई जाए, तभी पूरे मामले का सच उजागर हो सकेगा और दोषियों तक पहुंचा जा सकेगा। त्रिवेदी ने भी परिजनों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके और पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके।


