बलौदा बाजार

सिमगा-बलौदाबाजार मार्ग पर धूल से परेशानी
22-Feb-2026 10:18 PM
सिमगा-बलौदाबाजार मार्ग पर धूल से परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 22 फरवरी। सिमगा-बलौदाबाजार मार्ग की स्थिति को लेकर सडक़ किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों ने धूल से होने वाली परेशानी की शिकायत की है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मार्ग के जर्जर होने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण धूल उड़ रही है, जिससे दुकानों और आसपास के वातावरण पर असर पड़ रहा है।

व्यापारियों के अनुसार होटल, किराना, कपड़ा, फैंसी और मोबाइल दुकानों में रखी सामग्री पर धूल जम रही है। उनका कहना है कि खाद्य सामग्री और कपड़ों को पॉलिथीन से ढककर रखने के बावजूद पूरी तरह सुरक्षा संभव नहीं हो पा रही है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि धूल के कारण खांसी और श्वसन संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं।

स्थानीय दुकानदारों—धरम साहू, कल्याण वर्मा, पीतांबर देवांगन, भानु वर्मा, कल्लू अग्रवाल, विष्णु वर्मा और हितेंद्र ठाकुर—ने बताया कि नगर क्षेत्र में पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है, लेकिन भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण इसका प्रभाव लंबे समय तक नहीं रह पाता। लोगों का कहना है कि लगभग ढाई माह पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुहेला प्रवास के दौरान सडक़ सुदृढ़ीकरण की घोषणा की थी। इसके बाद से निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग का ध्यान आकर्षित किया है।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, उपसंभाग भाटापारा के एसडीओ आर.के. साहू ने बताया कि मार्ग का टेंडर जारी हो चुका है और आगामी पखवाड़े या एक माह के भीतर ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ किए जाने की संभावना है।


अन्य पोस्ट