बलौदा बाजार

तालाब और श्मशान भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाने का विरोध, कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीण
22-Feb-2026 10:17 PM
तालाब और श्मशान भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाने का विरोध, कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 22 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से लगे ग्राम पंचायत लिमाही में प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। गुरुवार को चक्काजाम के बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने मुख्य गेट पर रोक लगाते हुए पांच प्रतिनिधियों को अंदर जाने की अनुमति दी।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण के संबंध में उन्हें पूर्व सूचना नहीं दी गई और न ही ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पारित कराया गया। उनका कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण प्रस्तावित है, वहां तालाब और श्मशान भूमि स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब का उपयोग दैनिक कार्यों के लिए किया जाता है और समीप ही अंतिम संस्कार के लिए श्मशान भूमि है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन स्थलों को पाटकर निर्माण की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से क्षेत्र में शराब बिक्री बढऩे और बाहरी वाहन चालकों की आवाजाही से सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे मुख्यमंत्री तक अपनी बात रखेंगे और आवश्यकता पडऩे पर न्यायालय की शरण लेंगे।


अन्य पोस्ट