बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 फरवरी। क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। भरसेला, संकरी और मगरचबा गांवों में माइनर कैनाल के नवीनीकरण कार्य से सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, जिससे लगभग 1000 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इस परियोजना से 500 से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष रूप से फायदा मिलने की उम्मीद है।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से माइनर कैनाल की जर्जर स्थिति के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। नहर की सफाई, मरम्मत और संरचनात्मक सुधार के बाद अब पानी का प्रवाह सुचारू रूप से होगा, जिससे खरीफ और रबी दोनों फसलों के उत्पादन में वृद्धि संभव होगी।किसानों ने बताया कि सिंचाई सुविधा के अभाव में उन्हें निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे लागत बढ़ जाती थी। नवीनीकरण के बाद खेती की लागत घटेगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।जल संसाधन विभाग द्वारा माइनर कैनाल के नवीनीकरण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा किया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नहर की क्षमता बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसान नियमित सिंचाई सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने इस कार्य को क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सिंचाई सुविधा बढऩे से क्षेत्र में कृषि उत्पादन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।


