बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 10 फऱवरी। अल्ट्राटेक रावन सी.एस.आर ,छत्तीसगढ़ शासन के मत्स्य विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में मछली पालन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 12 फऱवरी को दोपहर 2 बजे से सीएसआर सेंटर में किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम मछली पालन से जुड़े किसानों, मछुवारों एवं इच्छुक हितग्राहियों को उपयोगी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मछली पालन पर शासन की सब्सिडी योजना, मच्छुवारा समिति के गठन की प्रक्रिया तथा मछुवारों के लिए संचालित 10 एवं 3 दिवसीय शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों को उपलब्ध अनुदान, झींगा पालन प्रसार, तथा मौसमी तालाबों में मत्स्य बीज स्पॉन संवर्धन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त नाव, जाल एवं जाल क्रम सुविधा, फिंगरलिंग संचयन में सहायता, फुटकर विक्रय हेतु उपलब्ध सहायता योजनाएँ तथा श्रीमती बिलासा देवी केंवटीन मत्स्य विकास पुरस्कार से संबंधित जानकारी भी प्रशिक्षण में सम्मिलित रहेगी। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को मछली पालन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ उठाने में सहायक होगा। मछली पालन से जुड़े समस्त इच्छुक व्यक्तियों से अनुरोध किया जाता है कि वे कार्यक्रम में भाग लेकर इससे अधिकतम लाभ प्राप्त करें।