बलौदा बाजार
श्रीलंका-असम की मनमोहक प्रस्तुति ने तालियां बटोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 20 जनवरी। विधायक इन्द्र साव ने कहा कि राष्ट्रीय रामायण मेला का उद्देश्य केवल आयोजन नहीं बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ो से जोडऩा है। यह मेला हमे हमारी पहचान, हमारी संस्कृति परम्परा और संस्कारो की याद दिलाता है।
राष्ट्रीय रामायण मेला के मुख्य अतिथि इन्द्र साव ने समापन अवसर पर आगे कहा- रामायण केवल एक ग्रंथ नहीं है रामायण हमारे जीवन जीने की कला है। यह हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग, करूणा और कर्तव्य का मार्ग दिखाती है। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन हमें सिखाता है कि सत्ता, सेवा के लिए होती है, शक्ति संयम के लिए होती है और धर्म किसी एक के लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के कल्याण के लिए होती है। माता सीता का त्याग, लक्ष्मण का समर्पण, हनुमान जी की निष्ठा और भरत का भाईचारा ये सभी आदर्श आज भी हमारे सामाजिक और पारिवारिक जीवन को दिशा देने की क्षमता रखते है।
विधायक इन्द्र साव ने श्रीलंका, असम सहित विभिन्न क्षेत्रों से आये कलाकार, रामायणी, कथावाचक, मानस मर्मज्ञ एवं आयोजकों का सम्मान किया। पंच दिवसीय राष्ट्रीय रामायण मेला का यह दूसरा वर्ष का आयोजन बहुत हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
विधायक इन्द्र साव ने सफल आयोजन के लिए समिति के संयोजक ललित सिंह ठाकुर, अध्यक्ष बिहारी लाल अग्रवाल, भंवर सिंह साहू, मोहन केसरवानी, कल्याण सिंह ठाकुर, रमेश वर्मा,सत्यनारायण पटेल, डॉ. वीणा साहू, अरुण छाबड़ा, गौरी भृगु, सीमा मल, नीरा साहू, सती साहू,विनोद गुप्ता सहित स्थानीय रामलीला मंडली के सदस्यों का सम्मान किया।


