बलौदा बाजार

न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव, बढ़ेगी ठंड
15-Jan-2026 4:15 PM
न्यूनतम तापमान में और  गिरावट संभव, बढ़ेगी ठंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 जनवरी। जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर साफ तौर पर देखा जा रहा हैं। उत्तर भारत से लगातार आ रही सर्दी और बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव हैं। जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता हैं वहीं जिले के अधिकांश इलाकों में रात को पारा गिरने से लोग ठिठुर रहे हैं।

जनवरी का दूसरा पखवाड़ा लगभग समाप्त हो चुका है और यह समय छत्तीसगढ़ में ठंड के चरम पर माना जाता हैं। दिसंबर के बाद जनवरी सबसे ठंडा महीना होता है और इस वर्ष भी मौसम ने यही रुख अपनाया हैं। बलौदाबाजार जिले में ठंड ने अपना आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया। अल सुबह और रात के समय बलौदाबाजार की सडक़ों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में रविवार को दिन तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया तथा रात का तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम हैं। बलौदाबाजार के आसपास के वन क्षेत्र के इलाकों विशेष कर कसडोल, सोनाखान, गिरोधपुरी, बार नवापारा में स्थित और भी गंभीर बनी हुई हैं। इन क्षेत्रों में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 7.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हैं। मौसम विभाग ने आगामी तीन-चार दिनों तक शीतलहर चलने की बात कही हैं।

अलाव और हीटर का सहारा

कड़ाके की ठंड के कारण इन क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा हैं। ठंड से बचने के लिए चौक चौराहों मे शाम होते ही अलाव सुलगने लगे हैं लोग अलाव जलाने हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। खासकर बुजुर्गों बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई हैं। सुबह के समय ठंडी हवाओं और सर्द वातावरण के कारण लोगों को दैनिक गतिविधियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही हैं। लेकिन सुबह और रात में ठंड का एहसास बना हुआ हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अभी 15 जनवरी तक मौसम एैसा ही बना रहेगा।

 

शीत लहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में ठंड का असर जारी रहेगा और कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती हैं। लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने गर्म कपड़े पहने और अनावश्यक रूप से रात या सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई हैं। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि ठंड से होने वाली किसी भी परेशानी से समय रहते निपटाया जा सकें।

 चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता हैं। लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहने सुबह और शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बुजुर्गों बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।


अन्य पोस्ट