बलौदा बाजार

अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, अफसरों के जाते ही फिर शुरू और हो गया हादसा
01-Jan-2026 10:35 PM
अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, अफसरों के जाते ही फिर शुरू और हो गया हादसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 जनवरी। अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के बाद अफसरों के जाते ही फिररेत का अवैध परिवहन शुरू  हो गया और तेज रफ्तार के चलते हादसे में दो की मौत हो गई।

ज्ञात हो कि बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सडक़ दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। यह हादसा रात करीब दो बजे ग्राम तेलासी के पास हुआ, जब एक क्रूजर वाहन को पीछे से एक हाईवा ने टक्कर मार दी। घटना के बाद हाईवा का चालक फरार हो गया।

 बताया जा रहा है कि यह हाईवा चिखली घाट पर रेत ले जाने की जल्दी में तेज रफ्तार था। खास बात यह है कि इस घटना पर सोमवार को ही अधिकारियों ने कार्रवाई की थी। उस समय चेन माउंटेड मशीनों को गड्ढे में छुपा लिया गया था। अधिकारियों के जाते ही मशीनें फिर लगा दी गई, रेत खनन शुरू हो गया। इसी रेत को लेने के लिए ट्रक जा रहा था।

अवैध रेत परिवहन को लेकर सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के पास चिखली और कुरूद घाट क्षेत्र से रेत परिवहन होता है। ग्रामीणों के अनुसार, इन घाटों पर रात के समय मशीनों से रेत खनन और परिवहन किया जाता है। उनका दावा है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन रेत लेकर जाते हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में की गई विभागीय कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए गतिविधियां बंद की जाती हैं, लेकिन बाद में फिर से शुरू हो जाती हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


अन्य पोस्ट