बलौदा बाजार
7 आरोपियों में तीन नाबालिग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 जनवरी। बलौदाबाजार जिले के सेमरिया गांव में 28 दिसंबर की रात हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस घटना में कुल सात लोग शामिल पाए गए हैं, जिनमें तीन विधि से संघर्षरत बालक हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 दिसंबर को सेमरिया गांव में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परमेश्वर यदू अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव की एक गली में कुछ युवकों के बीच गाली-गलौज हो रही थी। परमेश्वर के एक साथी द्वारा गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान कुछ आरोपियों ने चाकू से हमला किया, जिससे परमेश्वर यदू को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तत्काल शासकीय अस्पताल भाटापारा ले जाया गया, जहां अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद थाना बलौदाबाजार में हत्या का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले में कुल सात आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन नाबालिग हैं। सभी बालकों के मामलों में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जिन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं—धनेश चेलक, धनराज बघेल, बहल दास बंजारे, टिकेश्वर बांधे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में सभी आरोपियों को 30 दिसंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और हिंसक घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


