बलौदा बाजार

अवैध शराब बिक्री का आरोप, घेराव की चेतावनी
01-Jan-2026 4:18 PM
अवैध शराब बिक्री का आरोप, घेराव की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 1 जनवरी। अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पप्पू अली ने सिमगा नगर पालिका क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई नहीं की गई, तो अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिमगा नगर में शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानें होने के बावजूद होटल, ढाबों और पान ठेलों में शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। पप्पू अली ने दावा किया कि शासकीय शराब दुकानों में कई ब्रांड उपलब्ध नहीं होते, जबकि होटल-ढाबों और पान ठेलों में मनचाहा ब्रांड मिल जाता है। उनके अनुसार, यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और इस संबंध में उन्होंने बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और सिमगा पुलिस को लिखित शिकायतें भी दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड़रिया नाला से लेकर लिमतरा तक कई होटल-ढाबों में शराब परोसी जा रही है। वहीं नगर के चौक-चौराहों और पान ठेलों के आसपास शराब खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है, जिससे राहगीरों को असुविधा होती है। पप्पू अली का कहना है कि शराब और अन्य नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता के कारण क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई नहीं की गई, तो अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

इस संबंध में आबकारी विभाग या पुलिस प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


अन्य पोस्ट