बलौदा बाजार
सडक़, खेल, शिक्षा और सुरक्षा में सुधार से जिले की रूपरेखा बदलेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 जनवरी। वर्ष 2012 में पृथक जिला के रूप में अस्तित्व में आए बलौदाबाजार के लिए हर वर्ष नई योजनाएं और सौगातें जिले वासियों के लिए नए साल का तोहफा देती हैं। वर्ष 2025 कई मायनो में महत्वपूर्ण रहा और वर्ष 2026 के लिए जिले वासियों की उम्मीदें और अधिक बढ़ गई हैं। कई परियोजनाएं ऐसी है जिनका इंतजार वर्षों से किया जा रहा था और नए वर्ष में उनका प्रारंभ होने की संभावना है जो जिले की रूपरेखा ही बदल देगा
रायपुर बलौदाबाजार मार्ग को मिलेगा फोर लाइन विस्तार
बलौदाबाजार रायपुर मार्ग पर बीते वर्षों से भारी यातायात बढ़ गया हैं। यह मार्ग न केवल जिले वासियों के लिए बल्कि रायगढ़, जांजगीर चंपा और उड़ीसा की ओर जाने वाली भारी वाहनों के लिए मुख्य मार्ग हैं। इसी वजह से यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। शासन ने इस मार्ग को फोर लेन बनाने की घोषणा की हैं। जानकारी के अनुसार 130 बी राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से का सर्वे और डीपीआर कार्य के लिए 9 करोड रुपए का टेंडर हो चुका है और सर्वे कार्य प्रारंभ हो गया हैं। उम्मीद की जा रही है कि वर्ष 2025 के अंत में अंत या वर्ष 2026 में इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।
बलौदाबाजार में फायर स्टेशन के लिए नया स्थल चिन्हित
बलौदाबाजार में फायर स्टेशन के निर्माण हेतु गौरवपथ स्थित शाश्वत स्कूल के पास खाली जमीन का मुआयना कर नया स्थल चयनित किया गया हैं। वर्तमान में फायर स्टेशन अमेरा में स्थित है जो शहर से लगभग 10 से 12 किलोमीटर दूर हैं। नया फायर स्टेशन शहर के मध्य में होने से आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड की त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी। वर्ष 2026 में यह सुविधा नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण राहत प्रदान करेगी।
आउटडोर स्टेडियम में 8 लेन का सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक
डीके कॉलेज के सामने अप जेल के पास आउटडोर स्टेडियम में खिलाडिय़ों के लिए 400 मीटर का 8 लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक तैयार किया जा रहा हैं। यह योजना केंद्रीय सरकार की खेलो इंडिया स्कीम के तहत 8 करोड रुपए की लागत से विकसित की जा रही हैं।
इसमें केंद्र सरकार से 6.5 करोड़ और डीएमएफ फंड में 1.5 करोड रुपए की जारी किए गए हैं।
नालंदा परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी और स्टडी जोन
नालंदा परिसर के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका हैं। इसमें 250 सेट सीटर के लिए केंद्रीय पुस्तकालय एवं रीडिंग जोन शामिल होगा जिसकी लागत 4.41 करोड रुपए हैं। यह परिसर छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के साथ 24 घंटे वाई-फाई और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराएगा। सिविल सेवा, मेडिकल, इंजीनियरिंग, कैट और मैथ्स ओलंपियाड की तैयारी के लिए छात्र यहां लाभांवित होंगे।
जर्जर मार्ग बनेगा मजबूत क्षेत्र वासियों को बड़ी राहत
बलौदाबाजार सुहेला सिमगा मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था जिससे छोटे वाहनों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक हो गया था। सडक़ पर बड़े गड्ढे और रात में स्ट्रीट लाइट की कमी दुर्घटनाओं का कारण बन रही थी। क्षेत्र वासियों के लिए हर्ष की बात यह है कि सडक़ के नया बीटी मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 49.17 करोड रुपए स्वीकृत किए गए हैं। टेंडर स्वीकृत होने के बाद कार्य प्रारंभ होगा।
2026 में विकास की नई इबारत लिखेगा बलौदाबाजार
बलौदाबाजार में 2026 में शुरू होने वाली यह सभी योजनाएं फोर लेन, मार्ग नया फायर स्टेशन, आउटडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर और सडक़ सुधार न केवल शहर की रूपरेखा बदलेगी बल्कि नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में भी सुधार लाएंगी। जिले वासियों की वर्षों से प्रतीक्षात यह योजनाएं नए साल में नई उम्मीदें और उत्साह का संचार करेंगी। बलौदाबाजार अब आधुनिक सुविधाओं और संचानाओं के साथ एक विकसित और सुरक्षित शहर के रूप में उभरने की ओर अग्रसर हैं।


