बलौदा बाजार

रोहांसी वन परिक्षेत्र में सागौन के पेड़ों की कटाई की शिकायत
20-Dec-2025 6:54 PM
रोहांसी वन परिक्षेत्र में सागौन के पेड़ों की कटाई की शिकायत

वन अफसरों के  निरीक्षण में कटे हुए पेड़ों के ठूंठ मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 दिसंबर। पलारी तहसील के रोहांसी वन परिक्षेत्र में सागौन के पेड़ों की कटाई की शिकायत सामने आई है। जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद वन विभाग के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें कटे हुए पेड़ों के ठूंठ पाए गए।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 1995 से 2005 के बीच रोहांसी एवं अहमदपुर क्षेत्र में विभिन्न चरणों में पौधरोपण किया गया था। अहमदपुर-रोहांसी क्षेत्र में लगभग 108 हेक्टेयर (266 एकड़) में सागौन के पौधे लगाए गए थे। विभाग के अनुसार वर्ष 2019 में निर्धारित प्रक्रिया के तहत थिनिंग कार्य किया गया था, जबकि अगली थिनिंग वर्ष 2030 में प्रस्तावित है।

नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू एवं उपाध्यक्ष पितांबर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) रणवीर धम्मशील को शिकायत दी थी। इसके बाद शुक्रवार को एसडीओ निश्चल शुक्ला एवं रेंजर सिमरन साहू द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान हाल में कटे हुए कई पेड़ों के ठूंठ पाए गए।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र से सागौन के पेड़ों की कटाई की घटनाएं हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार कटे हुए सागौन का उपयोग निर्माण एवं फर्नीचर कार्य में किया जाता है। रोहांसी क्षेत्र के जंगल में कचरा पाए जाने को लेकर भी जानकारी सामने आई है। इस संबंध में वन विभाग ने कहा है कि क्षेत्र की निगरानी को लेकर समीक्षा की जा रही है।

वन मंडलाधिकारी रणवीर धम्मशील ने बताया कि कुछ लोग खेतों में फसल कटाई के बाद कंडा बीनने के बहाने जंगल में प्रवेश करते हैं और पेड़ों की कटाई कर ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित एसडीओ एवं रेंजर को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।

वन विभाग के अनुसार मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


अन्य पोस्ट