बलौदा बाजार

जल संचयन में बलौदाबाजार को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर कलेक्टर को प्रेस क्लब ने दी बधाई
21-Nov-2025 3:23 PM
जल संचयन में बलौदाबाजार को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर कलेक्टर को प्रेस क्लब ने दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 21 नवंबर। बलौदाबाजार जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री  सी.आर. पाटिल ने जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 से जिले को सम्मानित किया। पूर्वी क्षेत्र की कैटेगरी 2 में चयनित जिले को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसे कलेक्टर दीपक सोनी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना व राजभूषण चौधरी भी उपस्थित थे।

इस उपलब्धि पर गुरुवार को बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी एवं क्लब के सदस्यों ने कलेक्टर से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष गनशानी ने कहा कि यह उपलब्धि कलेक्टर सोनी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुनियोजित प्रयासों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की पहल का प्रतिफल है, जिसने जिले का मान देशभर में बढ़ाया है।

प्रेस क्लब सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह गर्व का क्षण पूरे बलौदाबाजार जिले का है, जिसकी चर्चा आज हर नागरिक और जनप्रतिनिधि के बीच प्रसन्नता के साथ हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चमकते इस गौरव ने जिले को विकास के नए आयामों की ओर अग्रसर कर दिया है।

 

 इस दौरान अध्यक्ष नरेश गनसानी, राघवेंद्र सिंह, राजेश्वर गिरी,लकेश बघेल, विजय तिवारी, गोविन्द रात्रे,पुष्पकांत मेजर, श्रवण ध्रुव, आभाष शर्मा, मोहित मरकाम, निर्मल सिंह चौहान इत्यादि उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि जिले को यह सम्मान जल संचयन हेतु किए गए विशाल कार्यों के आधार पर प्राप्त हुआ है, जिनमें अब तक 35,793 जल संरचनाओं का निर्माण शामिल है। मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर, राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तालाब, डबरी, परकोलेशन टैंक, सोखता गड्ढा, अमृत सरोवर, चेकडैम, एनीकट, स्टॉपडैम, नहर जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावी रूप से पूर्ण किए गए।

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में चलाए गए जल संचय महाअभियान ने जिले को राष्ट्रीय पटल पर अग्रणी बनाया है।


अन्य पोस्ट