बलौदा बाजार
भाटापारा, 14 नवंबर। कल रात एक बछड़े को चाकू से घायल करने की घटना सामने आई है। गौसेवकों ने बछड़े का प्राथमिक उपचार कराया और गौशाला में सुरक्षित पहुंचाया। वहीं घटना के 10 घंटे के भीतर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हटरी बाजार क्षेत्र में 13 नवंबर की रात लगभग 9 बजे एक बछड़े को चाकू से घायल किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय गौसेवकों ने मौके पर पहुंचकर बछड़े का प्राथमिक उपचार कराया और उसे गौशाला में सुरक्षित शिफ्ट किया।
पुलिस ने प्रकरण में धारा 325 बीएनएस और पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अज्ञात आरोपी पर मामला पंजीबद्ध किया।
थाना भाटापारा शहर पुलिस ने प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी व अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 10 घंटे के भीतर एक आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को शराब के नशे में अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने बताया कि बछड़े की वर्तमान स्थिति सामान्य है और उसका उपचार कर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी रहेगी।


