बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 नवंबर। चुचुरुंगपुर हाई स्कूल में अल्ट्राटेक रावन सीमेंट वक्र्स के सीएसआर विभाग द्वारा एक पर्यावरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 110 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया , जिससे विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय में ईको क्लब के छात्र सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूक किया गया। ईको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को वृक्षारोपण , जल संरक्षण , कचरा प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
विगत दिनों पंचायत , विद्यालय प्रबंधन एवं ग्राम के प्रगतिशील निवासियों के सहयोग से विद्यालय परिसर में कुल 1200 पौधा रोपण किया गया है। यह पहल न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक होगी , बल्कि छात्रों को पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सिखाएगी। कार्यक्रम के दौरान अल्ट्राटेक रावन सीएसआर प्रमुख विनोद श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधों की देखभाल केवल रोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और विकास में निरंतर योगदान आवश्यक है। विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र कुमार गेंडरे ने अपने संदेश में कहा कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यार्थी इन पौधों को अपनाकर इनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक मोहनलाल वर्मा, रामदयाल साहू एवं राजेन्द्र कुमार वर्मा तथा सीएसआर टीम से सुरेन्द्र कुमार यादव, द्वारिका वर्मा, सुनिता निषाद एव ताराचंद वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ईको क्लब के गठन से विद्यालय में पर्यावरणीय गतिविधियों को और अधिक संगठित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।
अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की यह पहल न केवल विद्यालय के छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि ग्राम स्तर पर भी सतत विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाएगी।


