बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 नवंबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के मार्गदर्शन एवं अब्दुल जाहिद कुरैशी, प्रधान जिला न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार के निर्देशन में सचिव अमिता जायसवाल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार द्वारा 3 दिवसीय राज्योत्सव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का विधिक जागरूकता स्टॉल लगाया गया, जिसमें समस्त पैरालीगल वालिंटयर न्यायाधीशगण व लीगल एड डिफेंस कौंसिल के सदस्य एवं प्राधिकरण के समस्त कर्मचारियों के द्वारा उपस्थित होकर जनसामान्य को विधिक जागरूकता के संबंध में जानकारी दी गई।
3 दिवसीय कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार द्वारा लोक अदालत, मध्यस्थता, नि: शुल्क कानूनी सहायता, लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम, छ.ग. टोनही प्रताडऩा अधिनियम, माता पिता व वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, मानसिक अयोग्यता से पीडि़त व्यक्तियों के अधिकार, अनुसूचित जाति जनजाती का उत्पीडऩ रोकने संबंधी कानून, महिलाओं के कानूनी अधिकार, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ (रोकथान निषेध और निवारण अधिनियम 2013), बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम संबंधी पाम्पलेट्स जनसामान्य को वितरित किये गये। 3 दिवसीय कार्यक्रम में स्कूल कालेजों के बच्चे, महिलाओं ने बढक़र हिस्सा लिया और स्टॉल में उपस्थित होकर सभी कानूनी पर्चे लिये। स्टॉल में लगभग 12000 कानूनी पाम्पलेटूस वितरित किये गये।
3 दिवसीय कार्यकम में आगामी नेशनल लोक अदालत 13 दिसंबर के संबंध में जनसामान्य को बताया गया और उनसे यह अपील की गई कि वह अपने प्री-लिटिगेशन प्रकरण जो अभी न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हुये है जैसे बैंक के प्रकरण, विद्युत बकाया, टेलिफोन बकाया, संपत्ति कर, जल कर, इत्यादी का भुगतान नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कर सकते है साथ ही न्यायालय में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण, धन वसूली संबंधी वाद, मोटर दुर्घटना दावा के प्रकरण, कुटुम्ब न्यायालय में लंबित प्रकरण, यातायात से संबंधित प्रकरण का निराकरण किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की यह सफलता रही है कि स्कूल-कॉलेज के साथ साथ ग्रामीण स्तर पर भी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किये जाने हेतु प्राधिकरण से संपर्क किया जा रहा है।