बलौदा बाजार

शक्ति संवर्धन 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के भूमिपूजन समारोह में उमड़े भक्त
27-Oct-2025 8:43 PM
शक्ति संवर्धन 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के भूमिपूजन समारोह में उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 27 अक्टूबर। भाटापारा के पी.पी. स्टील, खोलवा रोड स्थित यज्ञ स्थल पर शक्ति संवर्धन 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भूमिपूजन समारोह संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजन-विधि और सामूहिक प्रार्थनाओं के बीच पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सम्मिलित होकर यज्ञभूमि पर पूजा-अर्चना की।

आयोजन समिति ने बताया कि इस 108 कुण्डीय महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और वैदिक अनुष्ठानों के साथ समाज में चरित्र निर्माण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और नारी सशक्तिकरण जैसे लोकहितकारी संदेशों का भी प्रसार किया जाएगा।

भूमिपूजन के अवसर पर उपस्थित होकर सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं ने आत्मिक आनंद की अनुभूति की। माता गायत्री के जयघोष से पूरा वातावरण पवित्र और ऊर्जामय बन उठा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक नई दिशा देने वाले होते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में यज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य के भागी बनें। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि गायत्री महायज्ञ समाज में संस्कार और सामूहिक चेतना के संवर्धन का माध्यम है। अंत मे, माता गायत्री से यह मंगलकामना की गई कि यह महायज्ञ जन-जन के जीवन में शांति, शक्ति, और सद्बुद्धि का संचार करे तथा भाटापारा नगरी के आध्यात्मिक और सामाजिक विकास का आधार बने।


अन्य पोस्ट