बलौदा बाजार

जिला अध्यक्ष चयन: पर्यवेक्षक ने की स्थानीय नेताओं से चर्चा
15-Oct-2025 7:29 PM
जिला अध्यक्ष चयन: पर्यवेक्षक ने की स्थानीय नेताओं से चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 अक्टूबर। कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चयन के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी हो गई हैं। लगभग 15 दावेदारों ने जिला अध्यक्ष पद के लिए फॉर्म भरा हैं।

इस संबंध में मंगलवार को कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री डॉ. नितिन रावत ने जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पदाधिकारी सामाजिक संगठनों और वरिष्ठजनों की बैठक ली। डॉक्टर रावत ने बताया कि रायशुमारी के बाद 6 नाम का पैनल बनाकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा।

अंतिम निर्णय एआईसीसी द्वारा सर्वमान्य नाम के आधार पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाम कार्यकर्ताओं के बीच सर्वमान्य होगा वहीं कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बनेगा। पर्यवेक्षक डॉक्टर रावत ने स्पष्ट कहा कि गुटबाजी के कारण ही कांग्रेस को पिछली चुनाव में नुकसान हुआ था लेकिन आप सभी कार्यकर्ताओं ने इससे सबक सीख लिया हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सिर्फ पद भरने की औपचारिकता नहीं हैं बल्कि संगठन सृजन का एक महत्वपूर्ण अभियान हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान उन कार्यकर्ताओं को जोडऩे का प्रयास है जो सक्रिय रूप से जनता की सेवाओं को लेकर सडक़ पर उतरते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोडऩा नाराज कार्यकर्ताओं को मुख्य धारा में लाना और महिलाओं को संगठन से जोडऩा हमारी जिम्मेदारी हैं। महंगाई जैसे मुद्दे पर जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचने वाल वाले कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर कार्यकर्ताओं की शिकायत रहती है कि उनकी बात नहीं सुनी जाती लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस ने तय किया है कि कार्यकर्ताओं की राय और पसंद को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसा जिला अध्यक्ष चुना जाएगा जो कार्यकर्ताओं की पसंद का हो और जनता के मुद्दों पर सडक़ पर उतरने के लिए तैयार हो।

पर्यवेक्षक ने पूछा कांग्रेस अध्यक्ष के लिए सबसे उपयुक्त नाम बताएं

पर्यवेक्षक डॉक्टर रावत ने लोगों से पूछा कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए सबसे उपयुक्त नाम बताएं पर्यवेक्षक ने वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ ही जिला पदाधिकारी ब्लॉक जॉन और बूथ लेवल तक के पदाधिकारी से मुलाकात कर पर्यवेक्षकों ने रायशुमारी की बलौदाबाजार में कांग्रेस के संगठन सीजन कार्यक्रम के लिए मुख्य पर्यवेक्षक डॉक्टर नितिन रावत के साथ ही छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पूर्व विधायक गुरुमुख होरा पूर्णचंद पाठी की टीम ने भी लोगों से संपर्क कर उनकी राय ली।

कार्यकर्ताओं की पसंद का होगा अध्यक्ष- रावत

पर्यवेक्षक डॉक्टर रावत ने कहा कि सभी लोगों की राय ली गई है जो नाम सर्वाधिक आएगा वही जिला अध्यक्ष बन पाएगा हैं। दावेदार अपनी बात रख रहे हैं लेकिन लोग क्या चाहते हैं कार्यकर्ता क्या चाहते हैं वह कार्यकर्ता बताते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिसमें ज्यादा राजामंदी हो वही अध्यक्ष बने। इसके आवेदन आए हैं उनमें कोई एक ही अध्यक्ष बनेगा नाराज होने वालों की संख्या ज्यादा होगी। कांग्रेसी आलकमान ने पहले ही साफ कर दिया है कि बनाए जा रहे नए जिला अध्यक्ष के पास कई शक्तियां दी जाएगी। इन अध्यक्षों को विधानसभा लोकसभा के अलावा स्थानीय चुनाव में टिकट वितरण के लिए आयोजित बैठक में शामिल किया जाएगा। उनसे राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि संपर्क में रहेंगे और उनकी सुनवाई की जाएगी। यही कारण है कि विपक्ष में रहने के बावजूद कांग्रेस के कई दिग्गज अध्यक्ष बनने के लिए दावेदारी कर रहे हैं।

यह है बलौदाबाजार जिले के दावेदार

कांग्रेस जिला अध्यक्ष की दावेदारी में जो प्रमुख नाम हैं। उनमें वर्तमान जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर, सुनील महेश्वरी, सुशील शर्मा, बसंत आडिल, आर्यन शुक्ला, रमेश धृतलहरे, पद्मेश्वरी साहू, प्रेम सिंह नायक, योगेश बंजारे शामिल हैं।


अन्य पोस्ट