बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 13 अक्टूबर। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के सिमगा नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन के तहत हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत आत्माराम ताम्रकार के निवास से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
अभियान का शुभारंभ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़, विधायक इन्द्र साव और जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा धृतलहरे ने किया।
कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा, जनता के विश्वास और जनादेश का अपमान कर सत्ता में बैठे लोगों ने लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ी है। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान जनता की आवाज को सशक्त करने का माध्यम है।
हम घर-घर जाकर लोगों से अपील करेंगे कि वे अपने हस्ताक्षर के माध्यम से इस आंदोलन को जनआंदोलन बनाएं।
विधायक इन्द्र साव ने कहा, राहुल गांधी जी ने स्पष्ट कहा है कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अभियान के माध्यम से हम सिमगा के हर घर तक यह संदेश पहुँचा रहे हैं कि जनता की एक-एक वोट की कीमत है, और उसे कोई नहीं चुरा सकता।
जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा, यह आंदोलन लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की दिशा में एक कदम है। जब हर घर से हस्ताक्षर जुड़ेंगे, तो यह जनता की आवाज का प्रतीक होगा।
इस अवसर पर सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


