बलौदा बाजार
आत्मनिर्भर भारत अभियान पर प्रेसवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 12 अक्टूबर। भाजपा कार्यालय भाटापारा में आत्मनिर्भर भारत अभियान पर केंद्रित प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश भाजपा मंत्री अमित साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा और जिलाध्यक्ष आनंद यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितंबर (पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर (अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक चलेगा। इसका उद्देश्य ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है। अमित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प ‘वोकल फॉर लोकल’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत संकल्प सम्मेलन, रथ यात्राएं और प्रदर्शनी आयोजित की जा रही हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक सरकारी योजना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, कौशल विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष आनंद यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अगले पाँच वर्षों में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (त्रस्ष्ठक्क) को दोगुना कर 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचाने का लक्ष्य है। राज्य के पारंपरिक उत्पादों जैसे बस्तर की लोककला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी और महिला समूहों द्वारा बनाए गए हर्बल उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
वक्ताओं ने दीपावली पर्व पर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील की और कहा कि यह न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देगा बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी सशक्त करेगा।
प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


