बलौदा बाजार

चिराग सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने मनाई गांधी जयंती
05-Oct-2025 2:19 PM
चिराग सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने मनाई गांधी जयंती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 5 अक्टूबर। चिराग सोशल वेलफेयर सोसाइटी भाटापारा द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना निदेशक  मंगल पाण्डेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में परियोजना कार्यालय भाटापारा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उनके  छायाचित्र पर माल्यार्पण  कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

 संस्था के परियोजना प्रबंधक दशोदी सिंह ने बताया कि हर साल 2 अक्टूबर को गांधी जी के जन्मदिवस को मनाकर उनके आदर्शों एवं कार्यों को याद किया जाता है। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले बापू के विचार सिर्फ भारत ही नहीं पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करते रहे हैंऔर आगे भी करते रहेंगे।

 अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी सह लेखपाल दशोदा साहू ने बताया कि गाँधी जी के विचारों के सम्मान में 2 अक्टूबर को हर साल अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस भी मनाया जाता है। इस वर्ष भी गाँधी जी की 156वीं जयंती के अवसर पर देश भर में स्वच्छता  ही सेवा है कार्यक्रम  को संचालित  कर पूरे देश में लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताये हुए आदर्शों पर चलकर उनके अधूरे सपने को पूरा करना हम सब की जिम्मेदारी है।  इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए  कॉउंसलर सुलोचना देवांगन, आउटरीच वर्कर बिन्देश्वरी टंडन , प्रियंका मेश्राम, अनिता लहरे की सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट