बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 3 अगस्त। राजधानी के अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा को सदस्यता रत्न सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान भाजपा के सदस्यता अभियान के अंतर्गत अधिक संख्या में नए सदस्यों को पार्टी से जोडऩे के अभूतपूर्व कार्य के लिए प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ में भाजपा द्वारा 60 लाख नए सदस्य बनाने के ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त करना अभूतपूर्व रहा..
इस सदस्यता अभियान की शुरुआत 3 सितंबर 2024 को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पहली सदस्यता दिलाकर की थी। इसके बाद पूरे प्रदेश में चले इस अभियान में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर यह विशाल लक्ष्य हासिल किया।
इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संयुक्त रूप से सम्मान पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किया। समारोह में सम्मानित होने के उपरांत शिवरतन शर्मा ने कहा की सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार यह सम्मान मेरा नहीं, विधानसभा के प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक का सम्मान है।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि यह सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं था, बल्कि राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और सुशासन के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान था। भाटापारा विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने निष्ठा और समर्पण के साथ घर-घर पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से लोगों को अवगत कराया और उन्हें संगठन से जोड़ा। श्री शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल संगठन की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि भाटापारा क्षेत्र की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास और समर्थन का प्रमाण है।


