बलौदा बाजार

युक्तियुक्तकरण रोजगार व शिक्षा विरोधी-कांग्रेस
07-Jun-2025 7:15 PM
युक्तियुक्तकरण रोजगार व शिक्षा विरोधी-कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदा बाजार, 7 जून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार भाजपा सरकार की युक्तियुक्तकरण नीति के विरोध में प्रेस वार्ता का आयोजन जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित किया गया।

जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी, सुरेन्द्र शर्मा, विद्याभूषण शुक्ला, जनक राम वर्मा, हितेंद्र ठाकुर, गोपी साहू की विशेष उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुआ कहा कि युक्तियुक्तकरण से 10463 विद्यालय को बंद करने का प्रस्ताव, 45000 शिक्षक से अधिक पद समाप्त होने जा रहे हैं।

युक्तियुक्तकरण रोजगार विरोधी, शिक्षा विरोधी है। नए शिक्षकों की भर्ती न करना पड़े, इसलिए भाजपा सरकार युक्तियुक्तकरण का कार्य कर रही है। सरकार के इस फैसले का, कांग्रेस ने विरोध करने का फैसला किया है। युक्तियुक्तकरण से बंद होने जा रहे स्कूलों के रसोइयों व अन्य कर्मी हजारों की संख्या में बेरोजगार होने जा रहे हंै।

आगे कहा कि भाजपा पूर्व में पंद्रह साल तक एक भी शिक्षक की भर्ती नहीं की है, अब युक्तियुक्तकरण के माध्यम से स्कूल बंद कर , शिक्षकों को बेरोजगार कर  विकास नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ को धोखा दे रही है।

भाजपा सरकार में बैठे मुख्यमंत्री, मंत्री और नेताओं को जनता को स्पष्टीकरण देना चाहिए। प्रदेश भर में युक्तियुक्तकरण का विरोध कर रहे विद्यार्थियों-शिक्षकों को सरकार द्वारा धमकी देकर विरोध को दबाया जा रहा, जो निंदनीय है। विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में कमी आएगी।

सुबोध हरितवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर कांग्रेसजन शिक्षा न्याय यात्रा के माध्यम से जनता को युक्तियुक्तकरण की विसंगति से अवगत कराते हुए पदयात्रा कर बीईओ, डीईओ कार्यालय का घेराव आयोजित करने जा रही है।  उक्त अवसर पर प्रभाकर मिश्रा, संतोष यादव गणेश शंकर साहू, प्रवीण सेन, अजय भारती, जीतू नवरत्न, जय सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट