बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 22 मई। शहर और दमकल के बीच की दूरी एक बार फिर बड़ी आगजनी का कारण बनी। बुधवार अल सुबह लोग जब अपने बिस्तर पर सो रहे थे, गौरव पथ पर डॉ. किरण शंकर बाजपेयी का घर जल रहा था। धुएं से डॉक्टर जागे। परिवार के साथ वे फौरन बाहर भागे। दमकल को सूचना दी।
12 किलोमीटर दूर दफ्तर से फायर ब्रिगेड की टीम आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक पूरा घर जल चुका था।
डॉ. बाजपेयी के मुताबिक सुबह करीब 4.30 बजे पानी पीने के लिए उठे थे। तार जलने की बू आई। बाहर निकाल कर देखा तो चारों ओर काला धुआं था। घर में रखे फायर उपकरण के जरिए उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की। नाकाम रहे। फटाफट परिवार को उठाया और घर से बाहर निकल गए।
उन्होंने फौरन फायर ब्रिगेड के नंबर पर कॉल किया। गनीमत की इस मकान से लगा कोई दूसरा मकान नहीं था। वरना आग फैल सकती थी। आग लगने की वजह फ्रिज के कंप्रेसर फटने को बताया जा रहा हैं।
अध्यक्ष नगर पालिका बलौदाबाजार अशोक जैन का कहना है कि स्थिति गंभीर है फायर ब्रिगेड अब जिला मुख्यालय में ही हो, इसके लिए कलेक्टर समेत मंत्री से चर्चा करेंगे। बलौदाबाजार में फायर स्टेशन के लिए जल्द जगह सुनिश्चित करने की मांग करेंगे।


