बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 15 मई। भाटापारा नगर में सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
इस समाधान शिविर में क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह शिविर शासन की जनहितकारी सोच और उत्तरदायी प्रशासन की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसके माध्यम से नागरिकों को सरल, पारदर्शी और सुलभ सेवाएं प्रदान करने का प्रयास किया गया। संवाद से समाधान तक की इस पहल ने आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त किया है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप छाबडिय़ा, सभापति मनीष मिश्रा, पार्षदगण श्रेणिक गोलछा, नंदू वैष्णव, सतीश साहू, गोवर्धन डहरिया, मनीष पंजवानी और गेन्दू साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
शिविर में नागरिकों को आवश्यक योजनाओं की जानकारी दी गई तथा कई हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। यह आयोजन भाटापारा नगर के विकास व जनसरोकारों की दिशा में एक सकारात्मक पहल सिद्ध हुआ।
अश्वनी शर्मा ने कहा हमारा उद्देश्य सिर्फ समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि नगर की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, जल व्यवस्था, सडक़ और नाली जैसी आवश्यक सेवाओं का निरंतर वर्धन करना है। जनसहभागिता के साथ हम विकास के इस अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।