बलौदा बाजार

ओवरलोड रेत परिवहन, सडक़ जर्जर, जगह-जगह गड्ढे, चालक परेशान
22-Apr-2025 3:19 PM
ओवरलोड रेत परिवहन, सडक़ जर्जर, जगह-जगह गड्ढे, चालक परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 अप्रैल।
इन दिनों ओवरलोड रेत परिवहन से लवन से पैसर चंगोरी मार्ग तक की सडक़ पूरी तरह जर्जर हो गई है। जिससे दोपहिया वाहन चालकों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सडक़ पर ओवरलोड डम्पर वाहन चलने से सडक़ों की हालत खराब हो चुकी है, जिसके चलते दोपहिया वाहनों का सडक़ों पर चलना दूभर हो गया है। वहीं, ओवरलोड रेत परिवहन से सडक़ में गहरे गड्ढे होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। सडक़ों पर इन दिनों बेखौफ होकर डंपरों से अवैध परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। 

हालांकि, कुछ वाहन चालकों के द्वारा रायल्टी पर्ची रखी हुई होती है, लेकिन अधिकांश वाहन चालकों के पास रायल्टी नहीं होती है, ऊपर से बिना तिरपाल ढके ओवरलोड परिवहन करते हैं। जिससे सडक़ पर पीछे चल रहे लोगों को उड़ती डस्ट का सामना करना पड़ रहा है। 

एक ट्रिप में 1000 से 1200 फीट तक रेत भरकर लाने के लिए उन्होंने डंपर का आकार भी उतना ही करवा लिया है। यह सभी डम्पर रात के समय नदी घाट से होकर लवन की सडक़ से होकर निकलती है। सुबह 9 बजे तक डम्परों की लाइन लगी होती है, जिसके बाद एक-एक करके पूरे 24 घण्टे तक निकलते रहते हैं। 
 इस ओवरलोड वाहनों के खेल में लवन से सिरियाडीह पहुंचमार्ग सडक़ की हालत काफी दयनीय हो गई है। जगह-जगह पर खतरनाक गड्ढे निर्मित हो गए है। 

 

नुकीली गिट्टियां सडक़ों से झांक रही है, जिससे दोपहिया वाहन खराब हो रहे है। वहीं, बिना रायल्टी पर्ची के रोजाना सैकड़ों की संख्या में रेत से भरे डम्पर निकलने से सरकार को राजस्व के नाम पर रोजाना लाखों का चूना लगा रहे हंै। 

लवन नगर की सडक़ों पर रात-दिन ओवरलोड वाहन फर्राटा भर रहे हैं।  इसके कारण नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। ओवरलोड वाहन न केवल सडक़ों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं, बल्कि लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बने हंै। सडक़ दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है, साथ ही ग्रामीण अंचल की सडक़ों के साथ-साथ नगर की सडक़ें भी जर्जर हो रही है। 

खास बात यह है कि मुख्य मार्ग पर पुलिस थाना होने के बावजूद बेखौफ होकर ओवरलोड वाहन निकल रहे है, जिस पर पुलिस प्रशासन को भी सख्ती बरतने की आवश्यकता है।


अन्य पोस्ट