बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 दिसंबर। ठंड के सीजन में पहली बार मंगलवार को शीतलहर जैसा एहसास हुआ। सूर्योदय से सूर्यास्त तक हवा में एक जैसा ठंडापन रहा। 10 12 किलोमीटर की रफ्तार से हवा दिन भर चलती रही। वहीं न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री की गिरावट आई।
सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.33 डिग्री दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को 11.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं इस सीजन में यह अब तक का तापमान का निचला स्तर भी है। अगली तीन-चार रातों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट के असर है। यह 10 डिग्री या इससे भी कम रिकॉर्ड हो सकता है।
फेंगल तूफान का असर
खत्म होने से यह नौबत
फेंगल तूफान की वजह से छाए बादलों का असर खत्म हो चुका है। हवा की दिशा भी पूर्व उत्तर पूर्व हो गई है इस वजह से ठंड अपने रास्ते पर आ गई है। सोमवार से ही मौसम सर्द होने लगा था। मंगलवार की सुबह होने के साथ ही ठंड के तीखे तेवर महसूस होने लगे थे। दोपहर की धूप भी हवा के आगे निसतेज हो गई थी। अंधेरा होते ही मौसम सर्द होता चला गया। रात को हल्का कोहरा भी नजर आने लगा था।
अच्छी बात यह है कि ठंड को प्रभावित करने वाला कोई कारण अगले 5-6 दिन नहीं आने वाला है। ठंड का असर सुबह से रात तक एक जैसा रहने वाला है।
अभी रात में ठंड और बढ़ेगी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एन पी थॉमस के मुताबिक आज अधिकतम तापमान में मामूली कमी आएगी, लेकिन रात में तापमान में बड़ी गिरावट आएगी। अगले कुछ दिनों तक लगातार रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा।


