बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 नवंबर। जिले में हवा के रुख से सर्दी बढ़ गई है। रात के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आई है। जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आया है। आने वाले दिनों में सुबह शाम धुंध रहेगी। जिले में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान एक ही दिन में 17 से गिरकर 15 डिग्री तक आ गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन पी थॉमस ने बताया उत्तर पूर्वी हवाओं का असर कम हो रहा है। इस वजह से ठंडी बढ़ी है। 22 नवंबर तक ऐसी ही मौसम रहेगा।
डॉ. थॉमस ने बताया कि हवा का रूप जब उत्तर पश्चिम हो जाएगा और पहाड़ों पर बर्फबारी होगी तब तापमान में और गिरावट होगी। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी हालांकि नवंबर में पारा सामान्य से ज्यादा नीचे नहीं जाएगा। दिसंबर से कड़ाके की ठंड पढऩे लगेगी। आखिरी सप्ताह में कोल्ड वेव भी चलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही है। वहीं दक्षिण हिस्से में दो साइक्लोनिक सरकुलेशन सिस्टम एक्टिव है। जेट स्ट्रीम का असर प्रदेश सहित बलौदाबाजार जिले में देखने को नहीं मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब जेट स्ट्रीम हवा की रफ्तार तेज रहती है तो वह प्रदेश के मौसम को प्रभावित करती है लेकिन अभी जेट स्ट्रीम हवा की रफ्तार अधिक नहीं है। आज से जिले के सोनाखान कसडोल गिधौरी तुरतुरिया सहित अधिकांश क्षेत्रों में पर 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है। दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट होगी। लेकिन सामान्य से नीचे आने की संभावना नहीं है। आखिरी सप्ताह में जिले के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है।