बलौदा बाजार

जादू-टोना का शक, दुधमुंहे बच्चे सहित 4 लोगों की हत्या, 3 गिरफ्तार
13-Sep-2024 1:58 PM
जादू-टोना का शक, दुधमुंहे बच्चे सहित 4 लोगों की हत्या, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 सितंबर। बलौदाबाजार जिले के छरछेद गांव में गुरुवार शाम को जादू-टोना के शक में दुधमुंहे बच्चे सहित 4 लोगों की हत्या हुई है। पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आज भी गांव में पुलिस बल तैनात है।

वहीं मृतकों के घर के पड़ोस में रहने वाले ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी घटना के एक घंटे पहले आकर गाली -गलौज किए थे। इसके एक घंटे बाद कुल्हाड़ी, सब्बल, डंडा लेकर आए। 
 यह पूरा घटनाक्रम गुरुवार की शाम 6-7 बजे के आसपास का बताया जा रहा है, जब मृतक परिवार के घर से 100 मीटर की दूरी पर रहने वाले तीन आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक संदेही आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम को कुल्हाड़ी से वार करके अंजाम दिया है।

बलौदाबाजार में जादू-टोना के शक में चैतराम  (45 वर्ष), जमुना बाई केंवट, यशोदा बाई केंवट और जमुना बाई के दुधमुंह बच्चे की हत्या हुई है। ये दिलदहला देने वाली खौफनाक घटना जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम छरछेद गांव की है। 

सूचना मिलते ही एसपी विजय अग्रवाल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं पुलिस हत्या के संदेह में रामनाथ पाटले, दीपक पाटले, दिल कुमार पाटले को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। देर रात पुलिस की एफएससल टीम भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच कर सैंपल एकत्रित किया।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मौके का मुआयना करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साथ ही तीन संदेहियों को हिरासत में लेने की जानकारी दी। 

मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, कसडोल एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक सहित थाना प्रभारी रितेश मिश्रा घटना स्थल पर देर रात तक डटे रहे, वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही निर्मम हत्या के वास्तविक कारणों को पता चल पाएगा। बहरहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
अंधविश्वास बना कारण 
 

निर्मम हत्या मामले में सबसे दु:खद पहलू यह रहा है, कि आरोपियों ने अंधविश्वास की आड़ में जादू टोना के शक के कारण 4 सदस्यों की हत्या कर पूरे परिवार को तबाह कर दिया। आरोपियों ने यहां 6 माह के दुधमुंहे बच्चे को भी नहीं छोड़ा। धारदार हथियार से मारकर सभी की हत्या कर दिया। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट