बलौदा बाजार

एक पौधा पेड़ बनकर कई लोगों को ऑक्सीजन देता है-इंद्र साव
08-Sep-2024 3:40 PM
एक पौधा पेड़ बनकर कई लोगों को ऑक्सीजन देता है-इंद्र साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 8 सितम्बर।
तीज के पावन दिवस पर मयूर परिवहन एवं युवा ब्राह्मण समाज भाटापारा द्वारा धान संग्रहण  केंद्र देवरी में प्राणवायुदायीं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन विधायक इंद्र साव के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस दौरान सर्वाधिक आक्सीजन देने वाले लगभग 50 पौधे पीपल, नीम, बरगद प्रजाति के लगाए गए। 

कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए युवा विधायक इंद्र साव ने कहा की 1 पौधा सिर्फ 1 प्राणी को जीवन बचाने के लिए उपयोगी नही होता बल्कि उसके आक्सीजन से प्रत्येक जीव जंतु को जीवन दान मिलता है।

उन्होंने सुदूर वनवासियों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता का जिक्र करते  हुए कहा कि हम खुद को शिक्षित कहते हैं तो पर्यावरण रक्षा के प्रयास हमारी जिम्मेदारी है, उन्होंने आयोजकों के  प्रयास की सराहना की एवं उपस्थित जन समुदाय से ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय रहने की अपील करते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने बच्चे को बड़ा करने उसकी अच्छे से परवरिश करते है ठीक उसी तरह हमे भी इस पौधे को वृक्ष बनते तक परवरिश करनी होगी।

मयूर परिवहन के संचालक राधेश्याम शर्मा फग्गा ने कहा कि अगली पीढ़ी के भविष्य के लिए पर्यावरण सुधार हमारी महती जिम्मेदारी है। 
युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि विश्व की दो बड़ी समस्या है, युद्ध और पर्यावरण युद्ध पर नियंत्रण असंभव  है मगर पर्यावरण के लिए प्रयास हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम का संचालन संतोष पुरोहित द्वारा किया गया।
 


अन्य पोस्ट