बलौदा बाजार

सीमेंट संयंत्र में ठेका मजदूर की मौत, जांच शुरू
13-Jul-2024 3:01 PM
सीमेंट संयंत्र में ठेका मजदूर की मौत, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बलौदाबाजार, 13 जुलाई।
शुक्रवार की दोपहर खपराडीह स्थित रायपुर श्रीसीमेंट में एक ठेकेदार मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। हैरत की बात है इतनी बड़ी दुर्घटना होने के बवजूद संयंत्र प्रबंधन को मौत के कारणों के संबंध में कुछ भी नहीं जानकारी नहीं है और न ही कोई प्रत्यदर्शी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत राजू यादव संयंत्र के अधीन कार्यरत अश्विनी इंजीनियरिंग में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत था। जो कि वेल्डिंग कर रहा था। दोपहर करीब 2 बजे भोजन अवकाश के बाद स्ट्रक्चर रिक्लेम क्षेत्र में उसका शव पाया गया। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। 

संयंत्र प्रबंधन के अनुसार श्रमिक की मौत कैसे हुई, इस बात को लेकर प्रबंधन भी हैरत में है क्योंकि प्रबंधन को इसकी जानकारी भोजन अवकाश से वापस लौट रहे एक अन्य श्रमिक द्वारा दी गई। जिसके पश्चात प्रबंधन द्वारा श्रमिक को संयंत्र के एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार लाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उनकी मौत होने की पुष्टि कर दी। 

मृतक राजू यादव 30 वर्ष सिवान बिहार का निवासी है, जो पिछले करीब तीन-चार माह से सेमराडीह में निवास कर रहा था।
घटना के बाद प्रबंधन द्वारा प्रशासन को दी गई सूचना पर पहुंची सुहेला पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल प्रबंधन द्वारा समझौते के तहत 1 लाख रुपए तत्काल सहायता राशि मृतक के परिजनों को दी गई है। जबकि शेष 39 लाख रुपए का चेक उनकी पत्नी व आश्रित को प्रदान किया जाएगा।


अन्य पोस्ट