बलौदा बाजार

हादसों को आमंत्रण दे रहे भवनों के ऊपर व सडक़ किनारे लगे जर्जर होर्डिंग्स
26-May-2024 3:44 PM
हादसों को आमंत्रण दे रहे भवनों के ऊपर व सडक़ किनारे लगे जर्जर होर्डिंग्स

डिवाइडर पर लगे यूनिपोल के फटे फ्लैक्स भी बने खतरनाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 मई।
जिला मुख्यालय में सडक़ों के किनारे विभिन्न भवनों समेत चौक-चौराहों में अवैध रूप से बिना नगर पालिका के अनुमति के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगा दिए जाने से पूरे शहर की सूरत खराब हो चुकी है। 

पालिका द्वारा ऐसे अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने का नतीजा है कि खतरनाक मोड़ संकरे स्थान पर लगे होर्डिंग्स की वजह से सामने से आने वाले वाहन भी नजर नहीं आते, जिससे इन स्थानों पर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। सर्वाधिक हास्यास्पद पहलू है कि नगर पालिका के रिकॉर्ड में नगर में लगे हुए वैध होल्डिंग्स की संख्या महज 273 है। जिसमें से कुल 216 तो नगर की सडक़ के डिवाइडर पर लगे यूनिपोल समेत छोटे-छोटे पोल शामिल हंै।

गौरतलब है कि पालिका द्वारा केवल आम चुनाव के दौरान ही संपत्ति विरूपण की कार्यवाही के तहत वैध अवैध होर्डिंग्स हटाने का कार्य किया जाता है। इसके बाद ऐसे मामले मामलों में कार्यवाही शून्य रहती है। यदि नगर की सडक़ों के किनारे नजर दौड़ी जाए तो ऐसे दर्जनों अवैध होर्डिंग्स की भरमार है। जिन्हें लगातार होर्डिंग्स लगाने वाले प्रति माह हजारों रुपए किराया वसूल रहे हैं। वहीं कर वसूली से जूझ रही पालिका को इससे हजारों रूपये की राजस्व की क्षति झेलना पड़ रहा है।

नगर में कई स्थानों पर यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों में ऐसी लापरवाही पूर्वक लगे होर्डिंग्स यातायात व्यवस्था बाधित कर रहे हैं। नगर के संकरे मार्ग के बीचों-बीच पूरे नगर में डिवाइडर बना हुआ है। इस डिवाइडर के बीचों-बीच पालिका के बड़े-बड़े यूनिपोल व अन्य छोटे पोल लगे हुए हैं। जिसमें बड़े-बड़े होर्डिंग्स में लगाए गए फ्लैक्स तेज हवा आंधी के समय फटकर सडक़ों पर लहराते हैं और इसके टुकड़े भी उडक़र वाहनों के शीशे पर आ गिरते हैं। जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती है। इसके बावजूद पालिका के हमले द्वारा कभी स्थान पर सुरक्षा जांच नहीं किया जाता। 

कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं 
पालिका के राजस्व निरीक्षक श्री शर्मा ने कहा कि चुनाव के समय ही संपत्ति विरूपण की कार्यवाही कर नगर में अवैध होल्डिंग सुबह फ्लैक्स को हटाया गया था, वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बलौदाबाजार को इस संबंध में अवगत कराने पर उन्होंने राजस्व निरीक्षक को भवनों के ऊपर लगे होर्डिंग्स की सुरक्षा जांच करने हेतु टीम का गठन करने अवैध होर्डिंग्स लगाने वाले भवन मालिकों को नोटिस जारी करने शहर में लगे हुए अवैध होर्डिंग्स का निरीक्षण कर होर्डिंग्स को तत्काल हटाने और संबंधित पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। 

सड़ चुके भवनों के ऊपर लगे होर्डिंग्स के स्ट्रक्चर 
नगर के विभिन्न शासकीय व निजी भवनों पर वर्षों से जगह-जगह बड़े होर्डिंग्स छत के ऊपर लगे हुए हैं। जिसमें बहुत से होर्डिंग्स के स्ट्रक्चर में लगे लोहे के एंगल पूरी तरह से सड़ चुके हैं। 

कुछ स्थानों पर होर्डिंग्स में लगे फ्लैक्स तो विद्युत तार के कितने अधिक करीब से गुजरे हुए हैं। कि तेज आंधी के दौरान फटे फ्लैक्स विद्युत तार में लिपट जाते हैं अथवा जर्जर हो चुके होर्डिंग्स के लोहे के एंगल इन तारों से टकराते हैं, जिससे अक्सर जोर से स्पार्किंग होने से विद्युत व्यवस्था भी बधित होती है। थोड़ी सी असावधानी से इन होर्डिंग्स में करंट प्रवाहित होने से जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता। यही नहीं जर्जर हो चुके स्ट्रक्चर की जांच कर इसे हटाया नहीं गया तो इसके ध्वस्त होने से मुंबई जैसे गंभीर दुर्घटना घटित होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

पालिका के रिकॉर्ड में है  केवल 273 होर्डिंग्स
पालिका कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में निजी भूमि पर 10 होर्डिंग्स शासकीय भावनाओं पर अथवा स्थान पर 47 होर्डिंग्स डिवाइडर पर लगे 16 यूनिपोल व छोटे 200 नग में ही फ्लैक्स लगने की अनुमति पालिका से प्राप्त किया गया है। जो निश्चित ही चौंकाने वाला आंकड़ा है यदि अंबेडकर चौक से लेकर जिला न्यायालय 3 किलोमीटर तक सडक़ के दोनों ओर तथा बड़े मैदान सर्वाधिक सार्वजनिक स्थान चौक चौराहा पर दृष्टिपात करें तो यहां अवैध होर्डिंग्स की भरमार है। अत: शहर के सौंदर्य को बनाए रखने एवं होर्डिंग्स की वजह से संभावित दुर्घटना को टांलने के लिए ऐसे अवैध होर्डिंग्स को हटाने के अलावा इन्हें लगाने वालों पर पालिका द्वारा कड़ी कार्रवाई किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है।
 


अन्य पोस्ट