बलौदा बाजार

भर्ती पदोन्नति नियम- 2019 में किये गये संशोधनों की समीक्षा हो-फेडरेशन
18-Dec-2023 6:34 PM
भर्ती पदोन्नति नियम- 2019 में किये गये संशोधनों की समीक्षा हो-फेडरेशन

बलौदाबाजार, 18 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी एवं फेडरेशन के जिला अध्यक्ष अविनाश तिवारी तहसील अध्यक्ष बेनी राम साहू ने विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर खुशी व्यक्त की है।  साथ ही उम्मीद जताई है कि शिक्षा विभाग में वर्षों से लंबित संवर्गीय पदोन्नति एवं क्रमोन्नति के मामलों का समाधान होगा। उनका कहना है कि अन्य विभागों के तुलना में शिक्षा विभाग का अमला सबसे बड़ा है। लेकिन विभागीय अधिकारियों में निर्णय लेने की इच्छा शक्ति की कमी एवं प्रभारवाद के कारण शिक्षा विभाग की दुर्दशा है। पदीय वरिष्ठ व्यक्ति, कनिष्ठ के अधीन काम कर रहे हैं, जो कि विभागीय भर्ती पदोन्नति नियम- 2019 का उल्लघंन है। नियमों में किये गये संशोधनों की समीक्षा किया जाना चाहिए। फेडरेशन के कहना है कि शासन के नीति एवं कार्ययोजना का लोकहित में बेहतर क्रियान्वयन हेतु शासन एवं राज्य के कर्मचारी-अधिकारियों के मध्य सामंजस्य, सौहार्द एवं सद्भावना होना आवश्यक है।

राज्य के समग्र विकास एवं कर्मचारियों की अपेक्षा के मुद्दों पर परिणाममूलक निर्णय होना चाहिए। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने विभागीय सुशासन की अपेक्षा राज्य शासन से की है।


अन्य पोस्ट