बलौदा बाजार

हाई मास्ट लैंप की योजना बंद पड़ी है फाइलों पर
22-Nov-2023 3:34 PM
हाई मास्ट लैंप की योजना बंद पड़ी है फाइलों पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 नवंबर।
जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थानों पर इन दिनों हाई मास्ट लैंप लगाने का कार्य जोर शोर से किया जा रहा है, परंतु नगर के बाय पास के चार स्थानों पर स्थित मार्ग संगम में हाई मास्ट लैंप अब तक नहीं लगाया जा सकता है। जबकि इन स्थानों पर यातायात के अत्यधिक दबाव के चलते अक्सर दुर्घटना घटित होती रहती है। विशेषकर रात्रि के दौरान इन स्थानों पर अंधेरे की वजह से छोटे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।

नगरवासियों ने इस मार्ग संगम पर शीघ्र ही हाई मास्ट लैंप लगाने व सकरी बाईपास पर ट्रैफिक बूथ स्थापित करने की मांग की है।   विदित हो कि  पूर्व जिलाधीश रजत बंसल द्वारा इन स्थानों पर डीएमएफ मद से हाई मास्ट लैंप लगाए जाने की योजना बनाई गई थी, परंतु उनके स्थानांतरण के बाद यह कार्य भी लंबित पड़ा हुआ है। 

 नगर के बायपास में चार स्थानों पर मार्ग संगम होता है। जहां बड़ी संख्या में भारी वाहनों के अलावा छोटी बड़ी यात्री वाहनों का आवागमन होता है।  मार्ग संगम पर रात्रि के दौरान अंधेरा होने की वजह से घटना की आशंका बनी रहती है। यदि इन चारों स्थान पर सडक़ के मध्य हाई मास्ट लैंप को लगा दिया जाए तो यह मार्ग पर आवागमन के लिए अत्यधिक सुविधाजनक होगा। इस बायपास का उपयोग अधिकांशत सीमेंट संयंत्र के ट्रकों द्वारा किया जाता है।

गौरतलब है कि बाईपास करीब 13 किलोमीटर लंबा है, जो पनगांव के समीप से प्रारंभ होता है। यहां बलौदाबाजार से कसडोल की तरफ आने-जाने वाली वाहनों का तांता लगा रहता है। यहां तीन रास्ते मिलते हैं। यदि यहां हाई मास्टर लैंप लगा दिया जाए तो निश्चित ही अंधेरे में डूबे रहने वाले इस मार्ग संगम पर लोगों को आवागमन में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिलेगा ही, साथ ही यहां घटित होने वाले हादसों से भी लोगों को बचाया जा सकेगा।

इसी प्रकार सकरी बाय पास से चार मार्गों का संगम है। जहां लवन रिसदा रायपुर और बलौदाबाजार की ओर से वाहनों का आवागमन होता है। वाहनों के रेला की वजह से लोग को आवागमन में जान का जोखिम बना रहता है। यहां पुलिस द्वारा केवल छोटे जाली नुमा संरचना को रखकर काम चला जा रहा है। समीप ही ढाबे के स्थित होने के चलते अक्सर रात्रि के दौरान वाहनों के आवागमन के चलते यहां से गुजरने वाले छोटे वाहन चालकों को जोखिम बना रहता है। 

रिसदा के समीप भी चार मार्गों का और कुकुरदी बायपास के पास भी बलौदाबाजार-भाटापारा ग्राम भरसेला व रिसदा मार्ग का संगम है। उक्त चारों स्थान पर मार्ग संगम में लगातार भारी वाहन सडक़ पार करते हैं। जिससे कई बार गंभीर हादसे घटित होते हैं। रात्रि के दौरान तो दो पहिया छोटे चार पहिया वाहनों के चालकों को इन मार्ग संगम स्थान को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 

कई बार सडक़ के मध्य स्थित डिवाइडर भी रात्रि में नजर न आने की वजह से वहां डिवाइडर से ही जा भिड़ते हैं। 
अत: इन सभी स्थानों पर हाई मास्ट लैंप लगा दिया जाए तो आवागमन के दौरान लोगों को सुविधा तो होगी ही यहां होने वाली दुर्घटना भी कम होगी। नगरवासियों ने इस मार्ग संगम पर शीघ्र ही हाई मास्ट लैंप लगाने व सकरी बाईपास पर ट्रैफिक बूथ स्थापित करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट