बलौदा बाजार

सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
11-Sep-2023 9:12 PM
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

बलौदाबाजार, 11 सितंबर। सेवा सुगंधम सामाजिक जन कल्याण समिति के संस्थापक टिकेंद्र उपाध्याय के तत्वावधान में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान पंचशील नगर स्थित योगभवन में किया। इस अवसर पर सौ से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों का मुख्य अतिथि छग. पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, अति वरिष्ठ शिक्षक के के त्रिवेदी, डीपी जैन, के एस मिश्रा, के के बाजपाई व कस्तूरी त्रिपाठी का पाद प्रक्षालन कर सम्मान किया।

कई शिक्षक ऐसे थे, जिन्होंने पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी को स्कूल में पढ़ाया था। ऐसे सम्मान से सभी भाव विभोर होते दिखे।

सम्मान समारोह में शिक्षकों को संस्था की ओर से उपहार स्वरूप शाल, श्रीफल, छाता, टॉर्च व विवेकानंद साहित्य भेंट किया गया।

 शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि गुरुजनों ने अपने जीवन का बहुमूल्य समय हमें शिक्षित करने में बिताया है हम उनके ऋणी हैं। उनका सम्मान कर यदि हम अऋण हो सकें तो यह हमारे लिए सौभाग्य की बात होगी। कार्यक्रम में कांति दिगम्बर साहू, डिगेश्वरी नामदेव, रविन्द्र नामदेव, सुखदेव साहू, सूर्यकांत वर्मा, संजय सोनी व अन्य मौजूद थे।


अन्य पोस्ट