बलौदा बाजार

गाय को पीटा, दो पक्षों के खिलाफ केस दर्ज
16-Jul-2023 10:32 PM
गाय को पीटा, दो पक्षों के खिलाफ केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 16 जुलाई। जिले में एक युवक से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग एक युवक को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। पीटने के बाद लोग उसे छत से घसीटते हुए नीचे ले जाते हैं। इसके बाद जमीन पर लिटाकर भी लात-घूंसों और लाठी-डंडे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पूरा विवाद गाय को पीटने से जुड़ा हुआ है। मामला लवन थाना क्षेत्र का है।

 एसएसपी दीपक झा ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्ष की ओर से केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है। इस केस में यह भी पता चला है कि पीडि़त चंद्रकुमार के खिलाफ पशु क्रूरता के आरोप पहले भी लगे हैं।

बताया गया है कि बगबुड़ा निवासी चंद्रकुमार(30) हफ्ते भर पहले अपने खेत में काम कर रहा था। उसी समय उसके खेत में एक गाय घुस गई थी। जिसे चंद्रकुमार ने जमकर पीटा था। आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना गाय मालिक कमल गायकवाड़ को दी थी। इस पर कमल चंद्रकुमार के पास गया था, पर चंद्रकुमार उससे भी विवाद करने लगा। चंद्रकुमार ने कमल को गाली दी। जिसके बाद कमल वापस अपने घर गया। वहां से वह जब वापस लौटा, तब उसके साथ कुछ युवक थे।

सभी चंद्रकुमार के घर पहुंचे, तब चंद्रकुमार छत पर बैठा था। उसे देखते ही कमल और उसके साथियों ने उसे जमकर पीटना शुरू कर दिया। लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। फिर घसीटते हुए नीचे लेकर गए। यहां जमीन पर लिटाकर भी उसे डंडे से पीटा गया। मारपीट के बाद सभी आरोपी वहां से निकल गए थे।

इस मामले में कमल और उसके साथियों ने मिलकर चंद्रकुमार के खिलाफ शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, वहीं चंद्रकुमार ने कमल और उसके साथियों के खिलाफ भी केस दर्ज कराया है।


अन्य पोस्ट