बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 27 अप्रैल। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा का पूरा फोकस शक्ति केंद्रों में केंद्रित हैं। बुधवार को भाजपा कार्यालय भाटापारा में विधानसभा के 4 मंडल के शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक और सह संयोजको की बैठक रखी गई। बैठक में मुख्य रूप से रायपुर संभाग प्रभारी, विधायक अकलतरा सौरभ सिंह एवं उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़, क्षेत्रीय विधायक शिवरतन शर्मा विधानसभा प्रभारी सूर्यकांत राठौर उपस्थित थे।
भाजपा के संभाग प्रभारी विधायक अकलतरा सौरभ सिंह ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज उनके पास बढ़ते धर्मांतरण, नक्सलवाद, अपराध एवं माफिया राज से छत्तीसगढ़ को बचाने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों से उनका घर छीना है।
माताओं से उनका अधिकार, बुजुर्गों से उनका अधिकार, बेरोजगार युवाओं से उनका अधिकार छीना है। ऐसा कोई भी वर्ग नहीं है, जिसे इस लुटेरी कांग्रेस सरकार ने नहीं लूटा है। भाजपा कार्यकर्ता जनता तक पहुंचे, बूथ-बूथ जाकर प्रदेश सरकार के काले कारनामें उजागर करें। छत्तीसगढ़ की जनता तैयार बैठी है, इस झूठ के पुलिंदों में टिकी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार के कुशासन ने छत्तीसगढ़ को खोखला कर दिया है,कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संवाद कर इस सरकार की कथनी और करनी को सामने लाना है।
कांग्रेस सरकार ने एक भी वादे नहीं किए पूरे
इस बैठक को संबोधित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि- जनता को झूठे वादों का सब्जबाग दिखा कर सत्ता में काबिज हुई झूठी व भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। भाजपा के प्रत्येक ऊर्जावान कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार की चार साल की कारगुजारियों को जनता को बताएं। 36 वादों में से एक भी यह कांग्रेस सरकार पूरा नहीं कर पाई है। शर्मा ने आगे कहा कि केंद्र की योजनाओं को राज्य में यह सरकार सफल नहीं होने दे रही है।
हमारे शक्ति केन्द्र प्रभारी ,संयोजक एवं सह संयोजको के साथ साथ हमारे बूथ प्रभारी,पन्ना प्रभारी स्तर के कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का गौरव दिलाते हैं। छत्तीसगढ़ के चुनावों में अब कुछ महीने ही शेष हैं अत: हमें बूथ स्तर तक जाकर अपनी तैयारियों को सुदृढ़ करने का समय है।
हितग्राहियों का किया गया सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं के लाभ प्राप्त हितग्राहियों का श्री फल-साल भेट कर सम्मान किया गया जिसमें प्रधानमंत्री आवास प्राप्त बबला ध्रुव, रामखिलावन ध्रुव देवरी, विश्वासा देवांगन, सुमित्रा बाई देवांगन परसुराम वार्ड, धरम सिंह ठाकुर हथनीपारा वार्ड, शौचालय निर्माण शौरित लहरे गुरुनानक वार्ड भाटापारा है।
बैठक में राकेश तिवारी,अनिल पांडेय,महाबल बघेल,मोहन बांधे, सुनील यदु एवं भाटापारा नगर, भाटापारा ग्रामीण, सिमगा, निपानिया चारो मंडलों के मंडल पदाधिकारी एवं शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक उपस्थित थे।