बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 दिसंबर। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान का सन्देश देने दु कदम सुपोषण के थीम पर जिला प्रशासन द्वारा आज शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान में सोनाखान मैराथन 2022 का आयोजन किया गया, जिसमें 341 प्रतिभागियों ने भाग लिया। युवाओं से लेकर बच्चे एवं महिलाओं ने बड़े उत्साह से इस मैराथन में शामिल हुए।
यह दौड़ शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक के मुख्य द्वार से गुरुवार सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर 10 किलोमीटर तक प्राकृतिक वातावरण में जंगल के रास्ते से होते हुए समाप्त हुआ। मैराथन में प्रथम-भोजराम साहू द्वितीय- सुनील साहू तृतीय- कुंज राम ध्रुव को प्राप्त हुआ।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी गरम भोजन से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में 12 हजार से अधिक एनीमिक महिलाओं को गरम भोजन दिया जा रहा है। इस प्रकार योजना से लाभान्वित होने वाली अन्य गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण स्तर में नियमित सुधार हो रहा है।


